Shri Ashok Gehlot

Former Chief Minister of Rajasthan, MLA from Sardarpura

मुख्यमंत्री ने की विशेष पेंशन महाभियान की समीक्षा पुराने पेंशनधारियों को भौतिक सत्यापन के लिए दिसम्बर माह तक मिलेगी छूट किन्नरों को भी विशेष योग्यजन पेंशन का लाभ देने का निर्णय पालनहार योजना का सरलीकरण

दिनांक
16/05/2013
स्थान
मुख्यमंत्री कार्यालय


जयपुर, 16 मई। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने गुरूवार सायं यहां मुख्यमंत्री कार्यालय में समाज के जरूरतमंदों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे विशेष पेंशन महाभियान की उच्च स्तरीय समीक्षा की।



बैठक में श्री गहलोत ने महाभियान के दौरान बढ़े कार्यभार को देखते हुए राज्य सरकार की विभिन्न सामाजिक पेंशन योजनाओं का पहले से ही लाभ उठा रहे पेंशनधारियों को भौतिक सत्यापन के लिए इस वर्ष दिसम्बर माह तक छूट प्रदान करने के निर्देश दिए। श्री गहलोत के इस निर्णय से पहले से ही राज्य सरकार की विभिन्न सामाजिक पेंशन योजना का लाभ ले रहे पेंशनधारियों को बड़ी राहत मिलेगी तथा भौतिक सत्यापन के अभाव में उन्हें पेंशन का लाभ लेने में उन्हें कठिनाई नहीं आएगी।

श्री गहलोत ने बैठक में समाज के विभिन्न वर्गों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने की अपनी प्रतिबद्घता के तहत राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न सामाजिक पेंशन योजनाओं के सरलीकरण तथा उन्हें अधिक व्यावहारिक बनाने की दिशा में कई अन्य महत्वपूर्ण निर्णय भी किए।

मुख्यमंत्री ने पालनहार योजना के तहत विधवा माता के समान विदुर पिता के एक से अधिक बच्चों को भी लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि पालनहार योजना का लाभ अभी तक विधवा माता के एक ही बच्चे को दिए जाने का प्रावधान है। जिसे अब दो बच्चों तक बढ़ा दिया गया है। श्री गहलोत के निर्णय के बाद अब माता की मृत्यु होने पर विदुर पिता के दो बच्चों को भी इस योजना के तहत लाभान्वित किया जा सकेगा, जिससे बड़ी संख्या में ऐसे जरूरतमंद बच्चे लाभान्वित होंगे जो मातृ सुख से वंचित हो गए हैं।

बैठक में मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्र में विधवा, वृद्घावस्था, परित्यक्ता, विशेष योग्यजन पेंशन के लाभार्थियों के जीवित होने का भौतिक सत्यापन करने का दायित्व अब संबंधित पटवारी एवं ग्रामसचिव का होगा कि वे इस संबंध में अपने क्षेत्र की सूची को सत्यापित कर कोषाधिकारी कार्यालय में भिजवाएंगे। श्री गहलोत के इस निर्णय से सामाजिक पेंशन योजनाओं का लाभ उठा रहे जरूरतमंदों को अब भौतिक सत्यापन के लिए कोष कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। श्री गहलोत शुक्रवार दोपहर को मुख्यमंत्री कार्यालय से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए जिला कलक्टरों से महाभियान की प्रगति की समीक्षा करेंगे।

बैठक में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री अशोक बैरवा ने बताया कि 20 अप्रेल से प्रारंभ किए गए विशेष पेंशन महाभियान के तहत 14 लाख 41 हजार स्वीकृतियां जारी की जा चुकी हैं। इनमें से 4 लाख 31 हजार लोगों को कोष कार्यालयों से पेंशन भी जारी की जा चुकी हैं। उन्होंने बताया कि किन्नरों को भी बौनों के समान विशेष योग्यजन पेंशन से लाभान्वित करने का निर्णय किया गया है।

इस अवसर पर मुख्य सचिव श्री सी. के. मैथ्यू, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री श्रीमत पांडे, प्रमुख शासन सचिव वित्त डॉ. गोविन्द शर्मा, मुख्यमंत्री के सचिव प्रथम श्री निरंजन आर्य, मुख्यमंत्री के सचिव द्वितीय श्री रजत मिश्र, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के आयुक्त श्री अजिताभ शर्मा, सचिव वित्त (बजट) श्री अखिल अरोरा भी उपस्थित थे।

Best viewed in 1024X768 screen settings with IE8 or Higher